फर्रुखाबाद न्यूज़:- सीपी विद्या निकेतन का स्थापना दिवस: सफलता की मिसाल और रक्तवीरों का सम्मान |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा का अनूठा संगम बने सीपी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में बुधवार को विद्यालय का स्थापना दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षा के साथ-साथ मानव सेवा का संदेश देते हुए समाज के सम्मानित रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में “रक्तदान – महादान” का संदेश देते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि “आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद और नई सांस बन सकता है।” रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। इस दौरान डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, योगेश तिवारी एवं सुमित पांडे ऋषभ भारद्वाज,सहित सम्मानित रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके समाजहित में किए गए कार्यों की सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की गौरवशाली यात्रा पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि 4 अगस्त 1995 को मात्र 90 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ सीपी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज आज शिक्षा का एक बड़ा केंद्र बन चुका है। 31 वर्षों की इस सफल यात्रा में विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 1550 तक पहुंच गई है।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल पढ़ाई कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ाना है। यही कारण है कि यहां से पढ़कर अनेक छात्र-छात्राएं आज विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।

इस वर्ष भी विद्यालय ने शानदार शैक्षिक उपलब्धि हासिल की है। यहां के दो विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त की, जिनमें एक छात्र के पिता मजदूर हैं, जबकि दूसरे के पिता किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों की मेहनत का प्रमाण मानी जा रही है।

स्थापना दिवस समारोह में विद्यालय परिवार ने शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह, सम्मान और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *