फर्रुखाबाद न्यूज़:- सड़क हादसों पर लगाम कसने की तैयारी, हॉटस्पॉट से ओवरलोडिंग तक पर डीएम का शिकंजा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

Ad image

फर्रुखाबाद/

जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की मौजूदगी में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्घटना संभावित स्थानों, सड़क सुरक्षा इंतजामों और यातायात नियमों के पालन को लेकर अधिकारियों से विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां तत्काल आवश्यक सुधार कराए जाएं। प्रमुख मार्गों और हादसे वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जमापुर-चाचूपुर मार्ग पर स्ट्रीट लाइट का प्रस्ताव

डीएम ने जमापुर मोड़ से चाचूपुर मोड़ तक मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कानपुर मंडल क्षेत्र में परावर्तन से संबंधित की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने प्रवर्तन की कार्रवाई में तेजी लाने और उसकी संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

ओवरलोडिंग और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

बैठक में स्कूली वाहनों, ऑटो, टेंपो, ई-रिक्शा तथा मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, तेज गति से वाहन चलाने, ओवरलोडिंग करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर आयोजित गतिविधियों की रिपोर्ट भी मांगी। साथ ही वाहन चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित अभियान चलाने पर जोर दिया।

हादसों में कमी, फिर भी सुरक्षा पर फोकस

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बताया कि जुलाई 2026 में फर्रुखाबाद जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 18.18 प्रतिशत तथा दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद प्रशासन ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें और किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा भी करें।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मुरलीधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *