कायमगंज/फर्रुखाबाद/
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर शकुन्तला देवी बालिका इंटर कॉलेज, कायमगंज में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने पर्यावरण प्रदूषण विषय पर मॉडल एवं पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने छात्राओं को पृथ्वी के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमारी जीवनदायिनी है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी को ‘बहुरत्ना वसुन्धरा’ कहा गया है, जो हमें अनमोल संसाधन प्रदान करती है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें आज संकल्प लेना चाहिए कि हम पॉलीथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करेंगे और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हर घर, विद्यालय, मंदिर, रेलवे स्टेशन और सरकारी संस्थानों के आसपास हरियाली बढ़ाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
इस अवसर पर छात्राओं ने “वृक्ष लगाओ, जीवन बचाओ”, “भारत माता को रखें स्वच्छ” जैसे प्रेरणादायक स्लोगनों के साथ आकर्षक पोस्टर तैयार किए। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक छात्रा को एक-एक पौधा लगाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही “हरियाली जीवन का वसंत उत्सव है” और “वृक्ष हमारे सच्चे मित्र हैं” जैसे विषयों पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने अपने विचार भी व्यक्त किए।
मॉडल और पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में संतोष शर्मा, ममता सिंह, कु. शिल्की मिश्रा, लक्ष्मी गंगवार, विकास श्रीवास्तव, अमित कुमार, विजय कुमार, प्रिया द्विवेदी, सुरभि श्रीवास्तव, सुजाता राजपूत, लालाराम राजपूत, शायना खान, शशांक शुक्ला, संदीप यादव, भूमिका सक्सेना, मोनी भारद्वाज, अखिलेश सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल छात्राओं के लिए सीखने का अवसर बना, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश दे गया।
