बेकाबू कार ने दो बाइकों को रौंदा, चार गंभीर रूप से जख्मी
मैनपुरी (अजय किशोर) देवी रोड स्थित शीतला माता मंदिर के समीप सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दो बच्चों और महिला सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के वक्त अनियंत्रित कार ने पहले एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिस पर एक ही परिवार के तीन लोग सवार थे। इसके बाद कार चालक ने थोड़ी ही दूरी पर दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय निवासियों ने तुरंत एम्बुलेंस व निजी साधनों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया।
हादसे में घायल होने वालों की पहचान थाना घिरोर के ग्राम नगला केरी निवासी जगीन (25 वर्ष) पुत्र खन्ना, नजीर (5 वर्ष) पुत्र जमील और नजीमा (35 वर्ष) पत्नी जमील के रूप में हुई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार घायल युवक की पहचान मैनपुरी के राजा का बाग (गली नंबर 7-बी) निवासी संजय दीक्षित (21 वर्ष) पुत्र विजेंद्र दीक्षित के तौर पर की गई है।
अस्पताल में प्राथमिक इलाज के दौरान नजीमा की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई पीजीआई रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
