कर्ज के बोझ ने बनाया शातिर चोर: सहेली को नशीला पेय पिलाकर उड़ाए लाखों के जेवर, 24 घंटे में महिला गिरफ्तार |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

शहर के मोहल्ला कूंचा भवानी दास में दोस्ती और विश्वास को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कर्ज के बोझ तले दबी एक महिला ने अपनी ही सहेली को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शहर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 6.36 लाख रुपये नकद और दो सोने के कंगन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मोहल्ला कूंचा भवानी दास निवासी सर्राफा व्यवसायी प्रशांत वर्मा के घर पड़ोस में रहने वाली सिमरन वर्मा का अक्सर आना-जाना था। इसी परिचय का फायदा उठाते हुए 21 जून की दोपहर सिमरन उनके घर पहुंची। उसने व्यवसायी की पत्नी अंशिका वर्मा को कोल्ड ड्रिंक में अल्प्राजोलम की नशीली गोली मिलाकर पिला दी। कुछ ही देर में अंशिका बेहोश हो गईं। मौका पाकर सिमरन ने अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे सोने का हार, चूड़ियां, चेन, अंगूठी और पेंडेंट सहित लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गई।

होश आने पर अंशिका को घर में चोरी का पता चला तो परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित सर्राफा व्यवसायी ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर सिमरन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली।

जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने चोरी किए गए जेवरों को गलवाकर उनकी शुद्धता की जांच कराई और बाद में विभिन्न सर्राफा दुकानों पर बेच दिया। बिक्री से मिले रुपयों से वह अपना कर्ज चुकाने की योजना बना रही थी। पुलिस ने उसके पास से बिक्री से प्राप्त 6 लाख 36 हजार 150 रुपये नकद तथा दो सोने के कंगन बरामद कर लिए हैं।

मंगलवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि आरोपी महिला ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वह भारी कर्ज में डूबी हुई थी। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया कि वह पूर्व में अपने रिश्तेदारों और परिवार के लोगों के यहां भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। महज 24 घंटे के भीतर चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा करने पर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *