किशनी के मुख्य बाजार में प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, डीएम और एसपी रहे मौजूद
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी के किशनी नगर के मुख्य बाजार में 05 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ मिलकर सड़क के दोनों ओर किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को अपनी देखरेख में हटवाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे सामान रखकर नालों को बंद कर दिया गया है, जिससे जल निकासी और आवागमन बाधित हो रहा है और आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार निर्देश देने के बावजूद अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरते जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने उप जिलाधिकारी किशनी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत और लोक निर्माण विभाग को नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने, अवैध कब्जा करने वाले दुकानदारों को चिन्हित कर उन पर जुर्माना लगाने और उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। इस संयुक्त अभियान के दौरान उप जिलाधिकारी नवनीता राय, प्रभारी निरीक्षक गगन गौड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

