श्र्मवीर गौरव समारोह-2026: श्रमिकों के सम्मान और कल्याण योजनाओं पर व्यापक जानकारी दी गई
एटा। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आज एटा जिले में श्रम विभाग द्वारा श्रमवीर गौरव समारोह-2026 का आयोजन कासगंज रोड स्थित हिंदुस्तान यूनिलीवर परिसर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने की, जबकि विधायक मारहरा वीरेंद्र लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी का उद्बोधन लाइव प्रसारित किया गया, जिसमें श्रमिकों के कल्याण हेतु चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि प्रदेश का श्रमिक वर्ग हर परिस्थिती में कठिन परिश्रम करता है और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का योगदान केवल उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका योगदान आत्मनिर्भर भारत और समृद्ध प्रदेश की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे श्रमिक पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। सीडीओ ने यह भी बताया कि सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों के भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाना है। इसी दिशा में अटल आवासीय विद्यालयों की स्थापना की गई है, ताकि श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और वे डॉक्टर, इंजीनियर या अधिकारी बन सकें।
कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया, जो श्रमिकों में उत्साह और विश्वास का संचार करने में सफल रहा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और उद्योगों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के श्रमिक उपस्थित रहे। इनमें ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव, परियोजना निदेशक सुरेंद्र कुमार गुप्त, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत, सहायक आयुक्त उद्योग अनुज लवानियां, श्रम प्रवर्तन अधिकारी राज बाबू और अन्य प्रमुख व्यक्ति शामिल थे।
