शिवसेना उप प्रमुख महेश आहूजा पहुंचे:अमरोहा में बोले- भाजपा ने गठबंधन दलों को खत्म करने का काम किया
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा जनपद के हसनपुर में शनिवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रदेश उप प्रमुख महेश आहूजा ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जिस भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन किया, उसे ही खत्म करने का काम किया।
गाजियाबाद से संभल होते हुए रामनगर जा रहे महेश आहूजा का अमरोहा जनपद के हसनपुर नगर में शिवसेना के जिला प्रमुख वेद प्रकाश यादव के आवास पर स्वागत किया गया। इस दौरान जिला प्रमुख समेत भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश उप प्रमुख महेश आहूजा ने भाजपा की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि भाजपा ने जिस भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन किया, आगे चलकर उसी पार्टी को खत्म करने का काम किया।
उन्होंने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां शिवसेना ने ही भाजपा के पैर जमाने में मदद की थी, इससे पहले वहां भाजपा को कोई नहीं जानता था। लेकिन बाद में भाजपा ने शिवसेना को ही नुकसान पहुंचाया।
आगामी चुनावों को लेकर आहूजा ने स्पष्ट किया कि पार्टी हाईकमान के आदेशानुसार शिवसेना उत्तर प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में गायों की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है, जिस पर ध्यान देने की सख्त जरूरत है। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला प्रभारी अतुल अग्रवाल, सतवीर प्रजापति, राजू प्रजापति, राजपाल प्रजापति, राजकुमार सागर, रवि यादव और नरेश ठाकुर समेत कई पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
