अमरोहा के हसनपुर में आपत्तिजनक टिप्पणी:मुस्लिम समाज ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, FIR की मांग
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा।
अमरोहा जनपद के हसनपुर में मंगलवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) हिमांशु उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संबंधित पोस्ट के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रतिनिधियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री से उनकी धार्मिक भावनाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली विवादित टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए ऐसे मामलों में समयबद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के कई सामाजिक एवं धार्मिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को संबंधित स्तर पर भेजकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान मौलाना अब्दुल करीम, एडवोकेट मुजाहिद हुसैन, निजाम नसतर, बिलाल कुरेशी, मोहम्मद अफजल, एडवोकेट आफताब, यूनुस इदरीसी, जीशान मंसूरी, यूसुफ अब्बासी, आरिफ खान, मोहम्मद रफी, कारी हारून, मोहम्मद अनस और मेहताब शेख सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
