आई.जी.आर.एस. शिकायतों में लापरवाही, डीएम ने 3 दिन में निस्तारण न होने पर वेतन रोकने की दी चेतावनी
मैनपुरी (अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर प्राप्त जन-शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने मंडी परिषद, विकास खंडों, चकबंदी और जिला पंचायत सहित कई विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। डीएम ने निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर सभी लंबित प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन-समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को रोज पोर्टल लॉगिन करने, अधीनस्थों पर निर्भर न रहने तथा शिकायतकर्ता से वार्ता के बाद ही संतोषजनक आख्या अपलोड करने का निर्देश दिया ताकि कोई भी शिकायत ‘डिफॉल्टर’ श्रेणी में न जाए। बैठक के दौरान डिप्टी कलेक्टर अशोक कुमार सैनी, विकल्प, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सौरभ पाण्डेय और आई.जी.आर.एस. पटल सहायक अनुज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
