लीडर रोड डिपो रोडवेज बस की बोलेरो से जोरदार टक्कर, बोलेरो सवार एक व्यक्ति घायल |

3 Min Read

कमालगंज/फर्रुखाबाद/

जिले में रात एक सड़क हादसे के बाद भारी हंगामा और खौफनाक मंजर देखने को मिला। खुदागंज के पास कानपुर से फर्रुखाबाद जा रही लीडररोड डिपो की एक रोडवेज बस की बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बोलेरो सवार लोगों ने बस का पीछा किया और उस पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया।

यात्रियों में मची चीख-पुकार, चालक ने दिखाई गजब की हिम्मत अचानक हुए इस हमले से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को बेकाबू और यात्रियों की जान को खतरे में देख बस चालक ने गजब की सूझबूझ का परिचय दिया। उसने बस को रास्ते में रोकने के बजाय सीधे कमालगंज थाने के बाहर ले जाकर खड़ा कर दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

पुलिस ने उपद्रवियों को लिया हिरासत में थाने के बाहर बस रुकते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से तीन से चार उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ अमृतपुर अमरपाल सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरुण कुमार सिंह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बस में सवार सभी डरे-सहमे यात्रियों को कमालगंज थाने में सुरक्षित रुकवाया।

क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी?

बोलेरो सवार का आरोप: घटना में क्षतिग्रस्त हुई बोलेरो में सवार बाराती अवनीश यादव ने बताया कि रोडवेज बस लगभग 100 की रफ्तार से आ रही थी और अचानक उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उनका आरोप है कि हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था। इस हादसे में उनकी बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक व्यक्ति घायल हुआ है।

बस यात्री की आपबीती: बस में कानपुर से हल्द्वानी जा रहे यात्री सुमित ने बताया कि पीछे से आई एक कार ने बस को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। इसके बाद कार और बाइक से आए 3-4 लोगों ने बस पर पथराव शुरू कर दिया। हमलावरों के चेहरे खुले थे और एक के हाथ में लाठी-डंडा भी था। सुमित के मुताबिक, यह खौफनाक पथराव लगभग 1 से 2 किलोमीटर तक लगातार चलता रहा।

पुलिस की जांच जारी इस पूरी घटना में बस चालक और आगे बैठे कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सघन जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *