कायमगंज/फर्रुखाबाद ।
बरझाला के पास हुए सड़क हादसे में घायल दो युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लाया गया। घायलों की पहचान कादरी गेट थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा निवासी शिवा पुत्र गंगाराम (19) और अर्जुन पुत्र गंगाराम (17) के रूप में बताई गई है। हादसे में दोनों को चोटें आईं।
इसी दौरान कायमगंज निवासी आलोक की बाइक भी फिसल गई, जिससे उसके हाथ-पैर में चोटें आईं। परिजन उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने उपचार के दौरान बाहर के मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के लिए पर्चा लिख दिया। परिजनों के मुताबिक बाहर से करीब 350 रुपये की दवा खरीदकर लानी पड़ी।
आरोप यह भी है कि घायल के हाथ-पैर में पट्टी बांधने के नाम पर भी उचित उपचार नहीं किया गया और पट्टी बांधने के तरीके को लेकर परिजनों ने आपत्ति जताई। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए पहुंचे मरीज से बाहर की दवा मंगाए जाने के आरोप ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मरीज के परिजनों ने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को यदि बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर होना पड़े तो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य प्रभावित होता है।
अब देखना यह है कि मामले की शिकायत पर जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और अस्पताल में तैनात चिकित्सक की भूमिका की जांच कराकर क्या कार्रवाई करते हैं।

