एटा मेडिकल कॉलेज के पहले एमबीबीएस बैच की ऐतिहासिक उपलब्धि, 97 विद्यार्थी बने इंटर्न डॉक्टर
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज ने अपनी स्थापना के बाद पहली बड़ी शैक्षणिक सफलता दर्ज की है। वर्ष 2021 में प्रवेश लेने वाले कॉलेज के पहले (फाउंडर) एमबीबीएस बैच के सभी 97 विद्यार्थियों ने अंतिम प्रोफेशनल परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। इसके साथ ही कॉलेज को 97 नए इंटर्न डॉक्टर मिल गए हैं, जो अब अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी भूमिका निभाएंगे।
यह बैच संस्थान की स्थापना के समय से ही उसकी शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिष्ठा का प्रमुख आधार माना जा रहा था। पांच वर्षों की कठिन पढ़ाई, क्लिनिकल प्रशिक्षण और लगातार मेहनत के बाद अब ये सभी विद्यार्थी डॉक्टर के रूप में अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत कर रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए ऐतिहासिक बताया है।
इंटर्न डॉक्टरों के जुड़ने से मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी और मरीजों की निगरानी व्यवस्था में अतिरिक्त मानव संसाधन मिलने से उपचार प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी होगी। इससे मरीजों को परामर्श, जांच और देखभाल के लिए कम प्रतीक्षा करनी पड़ेगी।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल छात्रों की नहीं, बल्कि संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और समर्पित शिक्षकों का भी परिणाम है। उन्होंने कहा कि पहले बैच के विद्यार्थियों ने अनुशासन और परिश्रम से यह सिद्ध किया है कि मेडिकल कॉलेज प्रदेश के उभरते हुए चिकित्सा संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा चिकित्सक भविष्य में चिकित्सा सेवा के उच्च आदर्शों का पालन करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए भी यह उपलब्धि अहम मानी जा रही है।
