पुलिस का गुडवर्क: 6 दिन में गौकशी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद |

कायमगंज कोतवाली पुलिस ने गौकशी की घटना का छह दिन के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त छुरियां और रस्सी बरामद की गई है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ टेढ़ीकोन चौराहे के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध तमंचे (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, छोटी-बड़ी छुरियां तथा रस्सी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 28 जून की शाम उनके साथी चांद मियां ने एक गाय की रेकी की थी। इसके बाद चारों आरोपियों ने कटरा रहमत खां क्षेत्र से गाय और उसके बछड़े को पकड़कर मंजूरमीर स्थित केले के खेत में ले जाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी मांस को बोरियों में भरकर अपने-अपने घर ले गए, जबकि अवशेषों को ठिकाने लगाने का काम फरार आरोपी ने किया।

अगले दिन खेत में खून और अन्य अवशेष दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी तथा फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, जिसके आधार पर पुलिस ने छह दिन के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटरा रहमत खां निवासी रफीक अहमद उर्फ राजू, अताईपुर खटको निवासी सिमरती उर्फ पप्पू तथा अताईपुर जदीद निवासी गुड्डू उर्फ सलीम खां के रूप में हुई है। चौथा आरोपी चांद मियां उर्फ चांद अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार दो आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास है और वे पूर्व में भी गौकशी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *