रिपोर्टर सौरभ दीक्षित |
फर्रुखाबाद |
इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर गंगा नदी के ऊपर बने लोहिया सेतु की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन वाहन चालकों की परेशानियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। मरम्मत पूरी होने के बावजूद पुल पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था जारी रहने से दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है। शहर क्षेत्र से लेकर थाना राजेपुर के चाचूपुर तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसना पड़ रहा है।
शाम को स्थिति और भी गंभीर हो गई। पुल के दोनों सिरों पर छोटे-बड़े वाहनों का भारी दबाव रहा। कई एंबुलेंस, स्कूल वाहन, बसें, ट्रक और निजी कारें जाम में फंस गईं। लोगों का कहना है कि मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद भी वन-वे व्यवस्था जारी रखने से अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोहिया सेतु जिले की सबसे महत्वपूर्ण यातायात कड़ी है। इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर स्थित यह पुल प्रतिदिन करीब 12 से 15 हजार वाहनों का भार संभालता है। ऐसे में थोड़ी सी भी बाधा पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर देती है। पिछले कई दिनों से मरम्मत कार्य के चलते पुल पर वन-वे ट्रैफिक लागू था, जिससे वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार इस बार लोहिया सेतु की चौथी बार मरम्मत की गई है। पुल के जॉइंट और अन्य तकनीकी हिस्सों में सुधार का कार्य किया गया ताकि भविष्य में आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे। हालांकि मरम्मत पूरी होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि तुरंत दोनों लेन खोल दी जाएंगी, लेकिन बैरियर अभी तक नहीं हटाए गए हैं।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के जूनियर इंजीनियर विश्वास मिश्रा ने बताया कि पुल की मरम्मत का कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है। सुरक्षा संबंधी अंतिम औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों के भीतर पुल से बैरियर हटा दिए जाएंगे, जिसके बाद दोनों लेन पर सामान्य यातायात शुरू कर दिया जाएगा और वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
फिलहाल पुल पर सफर करने वाले लोगों से धैर्य रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। उम्मीद है कि अगले दो दिनों में वन-वे व्यवस्था समाप्त होते ही लोहिया सेतु पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो जाएगा, जिससे हजारों दैनिक यात्रियों और मालवाहक वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी।
