कायमगंज/फर्रुखाबाद।
“लिपटकर कई बदन तिरंगे में आज भी आते हैं, यूं ही नहीं हम दोस्तों आजादी को मानते हैं”—देशभक्ति के जज्बे और तिरंगे की आन-बान-शान के साथ कायमगंज में एनसीसी कैडेट्स ने भव्य तिरंगा रैली निकालकर लोगों में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाई। रैली में छात्राओं के हाथों में लहराता तिरंगा और गूंजते देशभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

यूनिट 4 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, फतेहगढ़ के कमान अधिकारी कर्नल विजेंद्र शारदा के दिशा-निर्देशन में सब यूनिट शकुंतला देवी बालिका इंटर कॉलेज, कायमगंज की एनसीसी कैडेट्स ने तिरंगा रैली का आयोजन किया। रैली के दौरान कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।

रैली में शामिल एनसीसी कैडेट्स के हाथों में तिरंगा देखकर लोगों में भी देशभक्ति का जोश नजर आया। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रप्रेम से जुड़े संदेश दिए और आजादी के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। रैली ने क्षेत्र में देशभक्ति का ऐसा माहौल बनाया कि राहगीर भी कुछ पल ठहरकर इस उत्साहपूर्ण आयोजन को देखते नजर आए।
इस अवसर पर फोर यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ से सूबेदार मेजर डी.के. यादव, बीएचएम संजय भोसले और जीसीआई प्रियंका मौजूद रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव, एनसीसी सह अधिकारी लेफ्टिनेंट शिल्की मिश्रा, संतोष शर्मा, विकास श्रीवास्तव और मनीष गौर ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
एनसीसी कैडेट्स की यह तिरंगा रैली न केवल देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाली रही, बल्कि युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करने वाला संदेश भी दे गई। रैली के दौरान कैडेट्स का अनुशासन, उत्साह और तिरंगे के प्रति सम्मान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

