मोहम्मदाबाद/ फर्रुखाबाद |
मोहम्मदाबाद क्षेत्र में शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे डिग्री कॉलेज के 50 वर्षीय कर्मचारी की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के रखा नगला छोटी जेल निवासी पंकज चौधरी (50) मोहम्मदाबाद क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज में प्रशासनिक कार्यों से जुड़े थे। शाम वह रोज की तरह कॉलेज से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गेसिंगपुर गैस प्लांट और एक कोल्ड स्टोर के बीच पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पंकज चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पंकज चौधरी की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी प्रतिभा, पुत्र युवराज और यश का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे भाई शिव श्याम सिंह सहित अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं। सूचना मिलते ही रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का घर पर तांता लग गया। क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सवाल खड़े करता है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लापरवाह वाहन चालकों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
