युवक की तालाब में डूबने से मौत,
फर्रुखाबाद।
युवक प्रशांत पाल के तालाब में डूबने से मौत हो जाने के कारण परिवार में मातम छा गया। थाना कमालगंज के ग्राम खेड़ा गंगाइच निवासी कामता प्रसाद का 19 वर्षीय पुत्र प्रशांत पाल खेतों की ओर जानवर चराने गया था। इसी दौरान उसकी एक भैंस तालाब में जाकर पानी में बैठ गई।
भैंस के न निकलने पर प्रशांत ने अपने कपड़े उतारकर रख दिए और भैंस निकालने के लिए तालाब में घुस गया।गहरे गड्ढे में चले जाने के कारण प्रशांत तालाब में डूब गया और उसकी मौत हो गई। भैंस सहित अन्य जानवर प्रशांत के घर पहुंच गए। परिजनों ने जानवर बांधने के बाद देखा कि प्रशांत घर नहीं आया है। इसके बाद परिजन प्रशांत की तलाश में तालाब पर पहुंचे।
तालाब के किनारे प्रशांत के कपड़े देखकर उसे तालाब के अंदर तलाशा गया। प्रशांत तालाब के अंदर डूबा हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल सीएचसी कमालगंज ले गए, जहां डॉक्टर ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया।इंटर पास करने के बाद प्रशांत कंप्यूटर सीख रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था।

