जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न, औद्योगिक विकास एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
एटा। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जलेसर क्षेत्र में हिन्दुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा औद्योगिक इकाइयों को गैस पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने की प्रगति की जानकारी दी गई। बताया गया कि 15 किलोमीटर गैस पाइपलाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा दो गैस लाइन वाल्वों की प्रक्रिया जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण हो जाएगी। रेग्यूलेटर हेतु भूमि समतलीकरण का कार्य जारी है तथा गैस से संबंधित सभी उपकरण जलेसर पहुंच चुके हैं। आवश्यक विभागीय अनुमतियां प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रारम्भ कर दी गई है।
यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्र सैथरी में विद्युत प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 10 विद्युत लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं। शेष कार्यों के लिए लगभग 1.42 करोड़ रुपये का प्रस्ताव यूपीसीडा मुख्यालय को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति के उपरांत कार्य कराया जाएगा।आईआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में आंधी के कारण झुके दो विद्युत पोलों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा को प्रत्येक गुरुवार औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता विद्युत को औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि जनपद की खराब रैंकिंग में सुधार हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित एक प्रकरण की समीक्षा करते हुए उसे पोर्टल से शीघ्र हटवाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत द्वितीय उत्पाद चिकोरी के डीएसआर अनुमोदन हेतु ओडीओपी जोनल कंसल्टेंट अमित सिंह द्वारा प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक सौरभ वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा श्याम गोपाल, अधिशासी अभियंता विद्युत सत्यनारायण सहित जनपद के उद्यमी, चिकोरी उत्पादक किसान एवं एफपीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र अर्चना कुमारी ने उक्त जानकारी दी।
