कायमगंज/फर्रुखाबाद।
मंगलवार के शुभ अवसर पर फूलमती मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। श्री गणेश कमेटी की ओर से श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट टीम को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट टीम के सदस्यों ने विधि-विधान से आरती में भाग लिया और भगवान के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और जयकारों से गूंज उठा।
श्री गणेश कमेटी की ओर से कार्यक्रम में मौजूद श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट टीम के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का पटुका पहनाकर सम्मान किया गया। सम्मान पाकर ट्रस्ट टीम के सदस्यों ने श्री गणेश कमेटी का आभार व्यक्त किया और धार्मिक आयोजनों में इसी प्रकार सहभागिता एवं सहयोग बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम में श्री गणेश कमेटी के मुकेश दुबे, बुलाकी वर्मा, ऋषि भारद्वाज, विवेक शर्मा, विशाल गुप्ता, अमन वर्मा, अजय अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, संदीप अग्रवाल एवं हनुमान प्रसाद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट टीम की ओर से अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, उपाध्यक्ष कमलेश भारद्वाज समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
सुंदरकांड पाठ से गूंजा मंदिर परिसर
आरती के उपरांत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। मंगलवार के पावन अवसर पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जा रहा था, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। सुंदरकांड की चौपाइयों और भजनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश और बजरंगबली के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बुधवार को दिखाई जाएगी ‘हनुमान अंश’ फिल्म
श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट टीम ने बताया कि 16 सितंबर, बुधवार को फूलमती मंदिर परिसर में बाबा नीमकरोली के जीवन पर आधारित ‘हनुमान अंश’ फिल्म का निःशुल्क प्रदर्शन किया जाएगा। फिल्म का प्रसारण सायंकाल 5 बजे से होगा।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में फूलमती मंदिर परिसर पहुंचकर इस धार्मिक फिल्म को देखने और बाबा नीमकरोली के जीवन से जुड़ी प्रेरणाओं को जानने का आग्रह किया है। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।

