खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: एक्सपायरी तेल और दूषित मिठाइयां नष्ट, मचा हड़कंप

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
2 Min Read

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: एक्सपायरी तेल और दूषित मिठाइयां नष्ट, मचा हड़कंप

मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी जिले में मिलावटखोरों और जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ा अभियान चलाया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ए.के. पाठक के नेतृत्व में विभागीय टीम ने दो बड़े प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 220 किलोग्राम एक्सपायरी सरसों का तेल और 30 किलोग्राम दूषित मिठाइयों को मौके पर ही सीज कर नष्ट करवा दिया, जिससे पूरे बाजार में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग की पहली कार्रवाई कन्हैया मिष्ठान भंडार पर हुई, जहां गोपनीय शिकायत के आधार पर छापा मारा गया। दुकान की कार्यशाला में अधिकारियों को लगभग 30 किलोग्राम पुराने, बासी और दूषित लड्डू, बूंदी और जलेबी मिलीं, जिनकी कीमत करीब 5 हजार रुपये आंकी गई है। इन दूषित मिठाइयों को तुरंत मौके पर नष्ट करा दिया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यशाला में भारी गंदगी, खिड़कियों पर जाली न होना और कर्मचारियों में स्वच्छता का अभाव जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके चलते खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-32 के तहत प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया है और बर्फी का एक नमूना जांच के लिए सरकारी लैब भेजा गया है।

इसी क्रम में दूसरी बड़ी कार्रवाई मेसर्स रामनाथ एंड संस के यहां की गई। वहां से कबीरा ब्रांड का करीब 220 किलोग्राम एक्सपायरी सरसों का तेल बरामद हुआ, जो 40 गत्तों में पैक था और इसकी बाजार कीमत लगभग 38,400 रुपये थी। विभागीय टीम ने अपनी मौजूदगी में इस पूरे तेल को नाले में बहवाकर नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेन्द्र कुमार एवं इन्द्रजीत सिंह भी मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि मुनाफे के लिए एक्सपायरी सामान बेचना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *