एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज करने की अपील, अभिभावक आगे आएं
एटा । मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद ने बताया है कि 28 फरवरी 2026 से सम्पूर्ण भारत में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम प्रारम्भ किया जा चुका है। इसी क्रम में जनपद एटा में मेडिकल कॉलेज (प्रथम तल) एवं समस्त ब्लॉक मुख्यालयों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर यह अभियान 07 अप्रैल 2026 से 06 जुलाई 2026 तक कैम्पेन मोड में संचालित किया जा रहा है। इसके पश्चात यह नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के शुभारम्भ के बाद अब तक जनपद में मात्र 11 पात्र बालिकाओं (आयु 14 वर्ष पूर्ण एवं 15 वर्ष से कम) का ही टीकाकरण हो सका है, जो अत्यंत चिंताजनक है। इस धीमी प्रगति पर आयुक्त, अलीगढ़ मंडल द्वारा भी असंतोष व्यक्त किया गया है। जबकि यह वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है और केवल एक खुराक से ही जीवनभर गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से लगभग 83 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करती है।
डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि जनजागरूकता के अभाव में अभिभावक अपनी बच्चियों को टीकाकरण केन्द्रों तक नहीं ला रहे हैं, जिससे जनपद में निर्धारित 21,445 के लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति प्रभावित हो रही है। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं मदरसों के प्रबंधकों/प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया है कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को पीटीएम, व्हाट्सएप समूह आदि माध्यमों से जागरूक करते हुए अधिक से अधिक टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने यह भी अपील की कि सभी पात्र बालिकाएं अपने अभिभावकों के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर सहित निकटतम टीकाकरण केन्द्र—मेडिकल कॉलेज (प्रथम तल) अथवा ब्लॉक मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र—पर पहुंचकर शीघ्र टीकाकरण कराएं, ताकि उन्हें गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित किया जा सके।
आम जनमानस से भी अनुरोध किया गया है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करते हुए अपनी बच्चियों का समय से टीकाकरण कराएं। टीकाकरण से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा शंका के समाधान हेतु जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, एटा के दूरभाष संख्या 9450864234 पर संपर्क किया जा सकता है।
