शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, नगदी-जेवर समेत लाखों की गृहस्थी राख, 50 हजार रुपये भी जले, बहू के सोने-चांदी के आभूषण हुए स्वाहा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/ फर्रुखाबाद|

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बराबिकू के मजरा नगला पीपल में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी को पलभर में राख कर दिया। आग की चपेट में आने से करीब 50 हजार रुपये की नगदी, बहू के सोने-चांदी के जेवरात सहित घरेलू उपयोग का लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

गांव निवासी शिवलाल पुत्र हेतराम ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे भीषण गर्मी के चलते वह अपनी पत्नी आशा देवी और बच्चों के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। नीचे बने कमरे में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान कमरे के रोशनदान से धुआं निकलता दिखाई दिया और जलने की तेज गंध आने लगी। आशंका होने पर वह तुरंत नीचे पहुंचे तो देखा कि कमरे के भीतर भीषण आग धधक रही थी।

शिवलाल के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने समर्सिबल चलाकर करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।

पीड़ित के अनुसार आग में फ्रिज, डबल बेड, मिक्सी, कपड़े, गद्दे, रजाई, कंबल, श्रृंगारदान समेत घर का लगभग पूरा सामान नष्ट हो गया। इसके अलावा कमरे में रखे 50 हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। शिवलाल ने बताया कि यह रकम उन्होंने करीब दस दिन पहले भैंस बेचने के बाद घर में सुरक्षित रखी थी।

उन्होंने बताया कि उनका पुत्र राहुल नोएडा में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पुत्रवधू खुशबू के विवाह के समय मिले सोने-चांदी के जेवरात, जिनमें झाले, तोड़ियां, अंगूठी सहित अन्य आभूषण शामिल थे, आग में जलकर नष्ट हो गए। परिवार का कहना है कि आग के बाद घर में उपयोग लायक कोई सामान नहीं बचा है, जिससे उनके सामने दैनिक जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल तनु कटियार को दी गई। लेखपाल ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा और रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि शासन स्तर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो लपटें आसपास के अन्य मकानों तक भी पहुंच सकती थीं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता की उम्मीद लगाए हुए है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *