फर्रुखाबाद न्यूज़:- हाईवे पर युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी-बच्चे के सामने बरसाईं गोलियां |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

वाराणसी से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहे फरीदाबाद निवासी की पांचाल घाट पर हत्या, पुलिस ने 3 टीमें गठित कीं |

कादरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत इटावा-बरेली नेशनल हाईवे (730C) स्थित पांचाल घाट पर रविवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 32 वर्षीय अरुण सिंह की अज्ञात बदमाशों ने उनकी पत्नी और बच्चे के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के थाना चंदावली क्षेत्र के दयालपुर निवासी अरुण सिंह अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर कार से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में गंगा एक्सप्रेस-वे से हरदोई के सवायजपुर कट होकर आगरा की ओर जाते समय उन्होंने फर्रुखाबाद के पांचाल घाट स्थित पंकज किराना स्टोर के पास कार रोकी।

बताया जा रहा है कि अरुण दुकान से चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतल खरीद रहे थे। जैसे ही उन्होंने कोल्ड ड्रिंक लेकर पत्नी की ओर बढ़ाई, तभी सफेद रंग की कार से आए अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली अरुण के सिर और कंधे में लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, सीओ सिटी अभय वर्मा तथा कादरी गेट थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, 3 टीमें गठित

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले के खुलासे के लिए थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम समेत तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग भी मिले हैं।

एसपी आरती सिंह ने क्या कहा

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी है। मृतक वाराणसी से अपने परिवार के साथ फरीदाबाद लौट रहा था। सामान खरीदने के दौरान दो अज्ञात युवकों ने फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *