फर्रुखाबाद न्यूज़:- बिजली कटौती और फर्जी बिलों पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा: चौक पर हंगामा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

रिपोर्ट संजीव सक्सेना |

फर्रुखाबाद |

शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और कथित गलत बिजली बिलों से नाराज व्यापारियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी चौक चौराहे पर धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते शहर के सबसे व्यस्त चौराहे पर लंबा जाम लग गया, जिसमें एक एंबुलेंस भी फंस गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकलवाया।

व्यापारियों का आरोप था कि शहर में आए दिन घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इतना ही नहीं, बिजली विभाग उपभोक्ताओं को मनमाने और गलत बिल भेज रहा है। शिकायत करने पर अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारी बिजली विभाग का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत, एसआई इमरान फरीद, एसआई बृजनंदन सिंह और एसआई शिव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और पुतला दहन नहीं होने दिया।

धरने को संबोधित करते हुए युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यशैली पूरी तरह लापरवाह हो चुकी है। लगातार बिजली कटौती से बाजार का कारोबार चौपट हो रहा है, जबकि गलत बिल भेजकर उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के एसडीओ अजय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से वार्ता कर भरोसा दिलाया कि बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाएगा और बिलिंग संबंधी सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

वहीं, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत ने कहा कि पुलिस को पुतला दहन की सूचना मिली थी। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का प्रदर्शन या पुतला दहन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन साफ कर दिया कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *