मेरठ प्रकरण पर की जांच की मांग:हसनपुर तहसील में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, मुकदमे वापस लेने और कार्रवाई की उठाई मांग
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा के हसनपुर में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) ने मेरठ में हुए घटनाक्रम के विरोध में शनिवार को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार लकी सिंह के माध्यम से सौंपा। संगठन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मेरठ प्रकरण का किया उल्लेख
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि 8 जुलाई को मेरठ में एक मामले को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था। संगठन का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
संगठन ने ज्ञापन में कहा कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय सिंह भाटी पर दर्ज मुकदमे निराधार हैं। संगठन का दावा है कि घटना के समय वह मेरठ में मौजूद नहीं थे, इसलिए उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें वापस लिया जाए।
राष्ट्रपति से कीं ये प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने राष्ट्रपति से पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच कराने, निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा मामले में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रिहान चौधरी, सोनू गुर्जर, कुलदीप भारती, अक्की कसाना, गौतम गुर्जर, मस्ता कुरैशी, नदीम चौधरी, विपिन सागर, बिलाल सैफी, मंथन प्रधान, देवेंद्र यादव, रिहान सैफी और धर्मपाल यादव सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
