कम्पिल-बदायूं मार्ग पर चार बदमाशों ने घेरकर रोकी बाइक, पांच वर्षीय बच्ची को गोद में उठाकर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस गश्त पर सवाल
कम्पिल/फर्रुखाबाद।
थाना क्षेत्र में रात हुई दुस्साहसिक लूट की वारदात ने एक बार फिर रात के समय पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कम्पिल-बदायूं मार्ग पर पुल के निकट बाइक सवार चार सशस्त्र बदमाशों ने एक दंपती को तमंचे के बल पर रोक लिया और उनकी पांच वर्षीय मासूम बेटी को बंधक बनाकर जेवर, नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कम्पिल कस्बा के मोहल्ला चिनहघटपुर वार्ड अंबेडकर नगर निवासी राजवीर अपनी पत्नी ऋचा और पांच वर्षीय बेटी कृतिका के साथ बदायूं जनपद के खिरिया गांव में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर बुधवार रात लगभग 8:45 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कम्पिल-बदायूं मार्ग स्थित पुल के पास पहुंचे, तभी बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।
पीड़ित राजवीर के मुताबिक बदमाशों ने उतरते ही उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया और पत्नी से जेवर उतारने को कहा। जब दंपती ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पांच वर्षीय बेटी कृतिका को जबरन गोद में उठा लिया और धमकी दी कि यदि जेवर और सामान नहीं दिया गया तो बच्ची को जान से मार देंगे। मासूम की जान के डर से महिला ने अपने कानों के सोने के कुंडल, गले का मंगलसूत्र और नाक की सोने की नोजपिन उतारकर बदमाशों के हवाले कर दिए।
इसके बाद बदमाश महिला के पर्स में रखे लगभग 15 हजार रुपये नकद और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी लूट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल से अतेना की ओर फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कम्पिल थाना प्रभारी नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के मार्गों और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि देर रात तक इस मामले में कोई आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। मामले में थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है, जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
इस सनसनीखेज वारदात ने रात के समय पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह की लूट की घटना से राहगीरों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और लुटेरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
