कायमगंज/फर्रुखाबाद।
जनपद में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। गुरुवार सुबह से शुरू हुई तेज बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन को प्रभावित किया। लगातार बरसात के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। दूसरी ओर किसानों ने इस बारिश को धान की खेती के लिए बेहद लाभदायक बताया है।
मंगलवार से जिले में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी थी। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि बुधवार को सुबह से देर रात तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार सुबह करीब सात बजे एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे पूरे जिले में बरसात का दौर जारी रहा।

लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।
शहर के अलावा कायमगंज, अमृतपुर, नवाबगंज, शमशाबाद, मोहम्मदाबाद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। हालांकि तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई। बुधवार को प्रमुख बाजारों में पानी भरने से लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह आवास विकास कॉलोनी तथा फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग के किनारे भी पानी जमा होने से राहगीरों को दिक्कतें उठानी पड़ीं।
वहीं किसानों के लिए यह बारिश किसी राहत से कम नहीं है। किसानों का कहना है कि धान की रोपाई के लिए यह मौसम बेहद अनुकूल है। किसान सुरजीत और सुधीर ने बताया कि समय पर हुई अच्छी बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी है, जिससे धान की रोपाई में तेजी आएगी और फसल को बेहतर उत्पादन मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले दो दिनों तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी है।
