अमृतपुर/फर्रुखाबाद |
अमृतपुर क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बीते मंगलवार को हुई तेज बारिश के साथ बुधवार को भी आसमान में घने काले बादल छाए रहे।बारिश की आंशका चलते मक्का उत्पादक किसान दिन भर अपनी फसल बचाने की जद्दोजहद में लगे रहे। बताया गया कि कई किसानों ने बंटाई पर खेती पर मक्का की फसल तैयार की थी।कटाई के बाद दानों को सुखाने के लिए अमृतपुर स्थित दयानंद इंटर कालेज के मैदान में फैलाया गया था।लेकिन मंगलवार रात अचानक हुई मूसलाधार बारिश के कारण रात को रात में किसानों को मक्का समेटती पड़ी। बुधवार सुबह मौसम खुलता दिखाई देने पर किसानों ने दोबारा मक्का सुखाने के लिए फैलाईं, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर आसमान से काले बादल छा गए। बारिश की संभावना देखते हुए किसान जल्दबाजी में फसल समेटने में जुट गए किसानों का कहना है कि यदि मक्का बार बार भीगती रही तो नमी बढ़ जाएगी जिससे दानों का रंग ख़राब होने के साथ गुणवत्ता भी प्रभावित होगी।ऐसी स्थितियों में व्यापारियों से उचित मूल्य मिलना मुश्किल हो जाएगा और उन्हें आर्थिक नुक़सान उठाना पड़ सकता है।गोविन्द,राना, बब्लू, रामरतन, धनीराम,रहीस,बलराम,नंदकिशोर,रामनाथ, देवेन्द्र, गुड्डू और सर्वेश सहित किसानों ने बताया कि इस साल आलू की फसल में पहले से ही नुकसान झेलना पड़ा है।अब मक्का की तैयार उपज पर मौसम की मार पड़ने से उनकी चिंता बढ़ गई है।किसानों ने प्रशासन से भी मौसम की स्थिति पर समय समय पर जानकारी उपलब्ध कराने और जरुरत पड़ने पर सहायता देने कीमांग की है।
