रेलवे बोर्ड के निर्देश पर हुई कार्रवाई, परिचालन होगा सुगम; भविष्य में लंबी ट्रेनों के संचालन और नए ट्रैक निर्माण की संभावनाएं बढ़ीं
फर्रुखाबाद/
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के विकास की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 के बीच रेलवे ट्रैक के मध्य स्थित धार्मिक स्थल को रेलवे प्रशासन ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर हटा दिया। लंबे समय से यह स्थल रेलवे परिचालन में तकनीकी बाधा बना हुआ था। इसके कारण ट्रैक में घुमाव (कर्व) था, जिससे स्टेशन से रवाना होने वाली ट्रेनों को गति पकड़ने में कठिनाई होती थी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक के बीच बने इस धार्मिक स्थल की वजह से ट्रेनों को सुरक्षा की दृष्टि से कम गति से गुजरना पड़ता था। इससे न केवल परिचालन प्रभावित होता था, बल्कि भविष्य में रेलवे के विस्तार की योजनाएं भी बाधित हो रही थीं। रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद बुधवार को रेलवे कर्मचारियों ने कार्रवाई शुरू की और पहले चारदीवारी हटाई गई। बाद में पूरी संरचना को हटाकर ट्रैक क्षेत्र को खाली करा लिया गया।
बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए काम रुका, लेकिन बाद में प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इस धार्मिक स्थल को हटाने की मांग विभिन्न हिंदूवादी संगठन भी लंबे समय से करते आ रहे थे। उन्होंने कई बार रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर स्टेशन के विकास और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की थी।
धार्मिक स्थल हटने के बाद अब रेलवे ट्रैक का घुमाव समाप्त किया जा सकेगा। इससे ट्रेनों की गति बढ़ाने में मदद मिलेगी और परिचालन अधिक सुरक्षित एवं सुचारु होगा। साथ ही भविष्य में स्टेशन पर एक अतिरिक्त रेलवे ट्रैक बिछाने की संभावना भी मजबूत हो गई है। रेलवे विशेषज्ञों का मानना है कि अतिरिक्त ट्रैक बनने से लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन, ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और स्टेशन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई रेलवे बोर्ड और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल रेलवे ट्रैक के बीच स्थित था, जिसके कारण तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं। अब ट्रैक सुधार के साथ स्टेशन के आधुनिकीकरण और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
फर्रुखाबाद के रेल विकास की दृष्टि से इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में अतिरिक्त ट्रैक का निर्माण होता है तो नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
रेलवे प्रशासन को बधाई
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के विकास, यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य की रेल परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन एवं स्टेशन इंचार्ज द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है। उम्मीद की जा रही है कि अब अतिरिक्त रेलवे ट्रैक के निर्माण, लंबी ट्रेनों के संचालन तथा नई रेल सेवाओं के विस्तार का रास्ता और अधिक आसान होगा, जिससे जिले के यात्रियों को आने वाले वर्षों में बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
