न्यायालय के आदेश पर दो थानों में नष्ट की गई 9 लाख रूपए से अधिक की अवैध शराब
मैनपुरी (अजय किशोर) थाना कुरावली और थाना घिरोर परिसर में संबंधित मुकदमों के मालखाने में जमा की गई कुल 2054 लीटर अवैध शराब को जमीन में गड्ढा खुदवाकर नष्ट कर दिया गया। नष्ट की गई कुल शराब की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 18 हजार रुपये आंकी गई है। यह पूरी प्रक्रिया माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में गठित संयुक्त टीमों की निगरानी में पूरी की गई।
थाना कुरावली में वर्ष 2026 के कुल 40 मुकदमों से संबंधित लगभग 800 लीटर कच्ची व देशी शराब को नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1,03,000 रुपए थी। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/अपर सिविल जज (प्रवर वर्ग) कोर्ट संख्या 1 मैनपुरी के आदेश पर मंगलवार को क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानंद सिंह, तहसीलदार अखिल गोयल और प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी के नेतृत्व में थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर इस शराब को नष्ट कराया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना घिरोर में की गई, जहाँ आबकारी अधिनियम से संबंधित 36 मुकदमों के कुल 1254 लीटर अवैध शराब का निस्तारण किया गया। इसमें 362 लीटर देशी और 892 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल थी, जिसकी कुल कीमत लगभग 8,15,000 रुपए थी। न्यायालय एसीजेएम प्रथम मैनपुरी के आदेश पर उपजिलाधिकारी घिरोर अंजली सिंह, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानंद सिंह और थानाध्यक्ष अनुज चौहान के नेतृत्व में मालखाने से शराब निकालकर पुराने थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर उसे नष्ट किया गया। इस पूरी कार्यवाही की नियमबद्ध तरीके से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
