डीएम ने किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, अभिभावकों से की बच्चों को दवा पिलाने की अपील |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने नन्हे बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।

अस्पताल में जिलाधिकारी ने बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए चॉकलेट भी वितरित की। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते ही बन रही थी। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की दवा पिलाना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 28 जून को जनपद के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में लगभग 2 लाख 92 हजार बच्चों को इस अभियान के तहत कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी बूथों पर आशा, एएनएम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक अभिभावक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही पोलियो मुक्त भारत का सपना पूरी तरह साकार होगा।

पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शौचालय, लेबर रूम, महिला वार्ड, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई, मरीजों के बेहतर उपचार तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और नवजात शिशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों के स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करने और प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाने के लिए सक्रिय नजर आया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *