गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा: गंगा में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, इकलौते बेटे को खोकर परिवार में मचा कोहराम |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कमालगंज/फर्रुखाबाद/

गंगा दशहरा के पावन पर्व पर बुधवार सुबह कमालगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के लिए गया 13 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कमालगंज के इंद्रा नगर निवासी फूलचंद का 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा सुबह अकेले ही ई-रिक्शा से गंगा स्नान करने के लिए घाट पर पहुंचा था। स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए तत्काल प्रयास किए, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। काफी देर की मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन बदहवास हालत में घाट पर पहुंच गए। कृष्णा अपनी मां मोनी का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बड़ी बहनें महक और महिमा विवाहित हैं, जबकि दो छोटी बहनें शिवानी (10 वर्ष) और प्रीता (9 वर्ष) हैं। पिता फूलचंद नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह भी तुरंत घाट पर पहुंचे। इकलौते बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना पर थाना प्रभारी कमालगंज राम सहाय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह गंगा स्नान के लिए अधिकृत घाट नहीं है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कमालगंज क्षेत्र के भोजपुर और श्रृंगीरामपुर घाटों पर ही स्नान की व्यवस्थाएं की गई थीं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अनधिकृत स्थानों पर स्नान करने पहुंच जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे होने का खतरा बना रहता है।

गंगा दशहरा जैसे आस्था के पर्व पर हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर एक परिवार ने अपने इकलौते बेटे को हमेशा के लिए खो दिया। गांव और मोहल्ले में मातम का माहौल है तथा हर किसी की जुबान पर कृष्णा की असमय मौत की चर्चा है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *