अमृतपुर/ फर्रुखाबाद |
फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक संत की मौत हो गई, जबकि दूसरे संत गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने सड़क किनारे खड़ी कार में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी निवासी संत राम भारती उर्फ रामू बाबा और गंगा भारती उर्फ धरू बाबा गंगा दशहरा के अवसर पर पांचाल घाट से गंगा स्नान कर लौट रहे थे। दोनों को शमशाबाद में अपने एक शिष्य से मुलाकात करनी थी, जिसके बाद वे मैनपुरी जाने वाले थे। इसी दौरान अमृतपुर थाना क्षेत्र में दयानंद इंटर कॉलेज के निकट उनकी अल्टो कार सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राम भारती उर्फ रामू बाबा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल गंगा भारती का उपचार जारी है।
मृतक राम भारती उर्फ रामू बाबा पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा से जुड़े थे और गुरु संगम भारती महाराज के शिष्य थे। वह गृहस्थ संत थे। उनके परिवार में पत्नी बीना, दो पुत्र ऋषभ व रीभांश तथा दो पुत्रियां हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना पर अमृतपुर चौकी इंचार्ज राहुल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि फरार डंपर और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
