फर्रुखाबाद।
इटावा-बरेली हाईवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने एक खुशहाल परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दंपति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका 13 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के ग्राम बगिया निवासी 55 वर्षीय संतोष शर्मा अपनी पत्नी किरन शर्मा और 13 वर्षीय पुत्र शोभित के साथ बाइक से रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बताया गया कि संतोष शर्मा की मौसी के बेटे का विवाह था, जिसके चलते परिवार सुबह करीब तीन बजे घर से रवाना हुआ था ताकि समय रहते कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सके।
रास्ते में इटावा-बरेली हाईवे पर अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के उजीरपुर बंजर के निकट उनकी बाइक को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडर वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में किरन शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संतोष शर्मा और उनके पुत्र शोभित गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संतोष शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल शोभित को गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मृतक के छोटे भाई मनोज शर्मा ने बताया कि किरन शर्मा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि संतोष शर्मा ने अस्पताल पहुंचने के बाद अंतिम सांस ली। उन्होंने बताया कि शोभित चार भाई-बहनों में सबसे छोटा है। परिवार में दो बेटियां और एक बड़ा बेटा भी है। संतोष शर्मा खेती-किसानी के साथ लकड़ी के व्यवसाय से जुड़े थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी बड़ी बेटी का विवाह भी हो चुका है।
दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। शादी वाले घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं इस हादसे की सूचना पहुंचते ही उत्सव का माहौल गम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल प्रशासन ने संतोष शर्मा के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है तथा घटना की सूचना संबंधित पुलिस को दे दी गई है। वहीं किरन शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
