अमरोहा में DM-SP का छापा, 6 डंपर सीज:खनन माफियाओं में मचा हड़कंप, 2.64 लाख जुर्माना, 5 चालकों पर FIR
जनरल फोर्स ब्यूरो /अमरोहा
अमरोहा जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 6 डंपरों को सीज किया गया और 2 लाख 64 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई देहात थाना क्षेत्र के मुनव्वरपुर चौकी इलाके में की गई। अधिकारियों के औचक निरीक्षण के दौरान अवैध खनन में लगे डंपर मौके पर पकड़े गए। जांच में सामने आया कि कई वाहन ओवरलोड थे, कुछ के रजिस्ट्रेशन में खामियां थीं और नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं थी। नियमों का उल्लंघन करने वाले इन डंपरों पर कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध खनन में संलिप्त पाए गए 5 डंपर चालकों के खिलाफ देहात थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस अब इस पूरे अवैध खनन नेटवर्क की जांच कर रही है।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें।
