अलीगढ़।
उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता माननीय सुरेंद्र दिलेर जी से उनके अलीगढ़ स्थित आवास पर पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन की कामना की।
राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर के आवास पर इन दिनों आयोजित हो रही श्रीमद्भागवत कथा में भी प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की। कथा स्थल पर पहुंचकर सभी ने धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर भगवान की कथा का श्रवण किया तथा प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का रसपान करते दिखाई दिए।
भेंट के दौरान सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर ने पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान में सहयोग प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर रामप्रसाद माथुर (सम्पादक, सुराग ब्यूरो), मनोज जौहरी (ब्यूरो चीफ, सुराग ब्यूरो फर्रुखाबाद), उपेन्द्र मिश्रा (पत्रकार, सिटी न्यूज ब्यूरो फर्रुखाबाद) तथा अभिषेक गुप्ता (क्राइम रिपोर्टर, सुराग ब्यूरो कायमगंज, फर्रुखाबाद) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर को सफल जनसेवा एवं विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। वहीं राज्यमंत्री ने सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
