कायमगंज (फर्रुखाबाद):
कायमगंज क्षेत्र के मोहल्ला जटवारा की निवासी सोना देवी पत्नी राजेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक (SP) को एक शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि रामसिंह इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले उनके कक्षा 9 (सेक्शन B1) के पुत्र ओमोश कुमार के साथ कॉलेज परिसर के भीतर ही बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसका हाथ टूट गया। इस मामले में कायमगंज पुलिस और स्कूल प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगे हैं।
कॉलेज के अंदर छात्र को पटककर तोड़ा हाथ
दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, घटना बीती 15 मई 2026 की सुबह करीब 10:20 बजे की है। आरोप है कि थाना शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम मुरेठी निवासी अरुण प्रताप यादव के पुत्र अर्जित सिंह यादव (जो उसी कॉलेज में कक्षा 9 सेक्शन B3 का छात्र है) ने जानबूझकर ओमोश के साथ मारपीट की। आरोपी ने ओमोश को जोरदार धक्का देकर जमीन पर पटक दिया, जिससे ओमोश के बाएं हाथ की कोहनी के ऊपर की हड्डी बुरी तरह टूट गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी छात्र अर्जित पहले भी उनके बेटे के साथ बदतमीजी कर चुका था।
इलाज में डली प्लेट, अस्पताल से मिली छुट्टी
घटना की सूचना मिलने पर मां सोना देवी तुरंत कॉलेज पहुंचीं और गंभीर हालत में बेटे को CHC कायमगंज ले गईं, जहां उसका एक्स-रे कराया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टर की सलाह पर फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित आरोग्यता हॉस्पिटल में छात्र का ऑपरेशन कराना पड़ा, जहां उसकी बांह में डॉक्टरों ने प्लेट डाली है। करीब आधा महीना अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद छात्र 30 मई 2026 को डिस्चार्ज होकर घर लौटा।
स्कूल प्रशासन पर लापरवाही और धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने रामसिंह इंटर कॉलेज के प्रशासन पर घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि इतनी बड़ी वारदात कॉलेज परिसर के अंदर होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। उल्टा, अब पीड़ित छात्र को ही लगातार स्कूल से बाहर निकालने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।
कायमगंज पुलिस पर भी उठाए सवाल
पीड़ित मां का कहना है कि उन्होंने इस पूरी घटना के संबंध में बीती 1 जून 2026 को थाना कायमगंज में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी कायमगंज पुलिस ने न तो मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज की और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की।
थक-हारकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा है और कायमगंज पुलिस को तत्काल कड़ी कार्रवाई के लिए आदेशित करने की मांग की है।
