पर्यटन मंत्री ने सुनीं जन-समस्याएं, अवैध कब्जों और बिजली कटौती पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मैनपुरी (अजय किशोर) पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मैनपुरी के ट्रांजिट हॉस्टल में एक जन-सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें उन्होंने आम जनता की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि राजस्व नक्शे के आधार पर चकरोड, संपर्क मार्ग, विद्यालय, श्मशान और तालाब जैसी सार्वजनिक भूमियों की पैमाइश की जाए और इन्हें हर हाल में भू-माफियाओं व दबंगों के कब्जे से मुक्त रखा जाए। उन्होंने आदेश दिया कि यदि किसी सार्वजनिक मार्ग या चकमार्ग पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो तुरंत पैमाइश कराकर वहां मिट्टी का कार्य शुरू कराया जाए ताकि आम जनता का आवागमन सुरक्षित रह सके।
बिजली और जलभराव की समस्याओं पर बात करते हुए जयवीर सिंह ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि नए कनेक्शन के आवेदनों को बिना किसी देरी के नियमानुसार तत्काल स्वीकृति दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और खराब ट्रांसफार्मरों को तय समय-सीमा के भीतर बदलने के निर्देश दिए। आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनजर उन्होंने हर गांव में जल-निकासी के पुख्ता इंतजाम करने को कहा ताकि कहीं भी जल-भराव की स्थिति पैदा न हो।
महिला सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने महिला उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिया कि विभिन्न थानों से समन्वय बनाकर अगले दो दिनों के भीतर सभी मामलों का निस्तारण किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया कि वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले और आवास योजनाओं (प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण) में पूरी पारदर्शिता के साथ मानकों का पालन करते हुए जरूरतमंदों को घर आवंटित किए जाएं।
जन-सुनवाई के दौरान विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं भी मंत्री के सामने रखीं। इनमें ग्राम ईकरी की सुषमा देवी ने पति के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने, कुरावली के दिनेश व सर्वेश ने बिजली कनेक्शन दिलाने, जसरऊ के छोटेलाल ने बेटे के इलाज के लिए सहायता राशि की मांग की। वहीं औड़ेन्य पड़रिया, नगला वदे, त्रिलोकपुर, कुर्रा और लखौरा आदि गांवों के निवासियों ने दबंगों द्वारा जमीन, मंदिर की भूमि और पुश्तैनी संपत्तियों पर किए गए अवैध कब्जों व अतिक्रमण को हटाने की गुहार लगाई। खरगजीत नगर के वासियों ने गली के बीच से बिजली का खंभा हटाने की मांग की। मंत्री ने इन सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन सहित जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता और कई अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
