शंकराचार्य का तंज: योगी सरकार पर किया कटाक्ष कहा– गाय तो धर्म की माता सिर्फ राजनीति का साधन नहीं |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

परमाध्य परमधर्मधीश उत्तरामनाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 1008 महाराज अपनी ‘गौ संरक्षण धर्मयुद्ध यात्रा’ के तहत आज फर्रुखाबाद पहुंचे। नगर के ऐतिहासिक पांडेश्वर नाथ मंदिर में आगमन पर समर्थकों ने शंख, डमरू, ढोलक की थाप और भव्य पुष्पवर्षा के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। मंदिर में नंदी महाराज की परिक्रमा और भोले बाबा के दर्शन करने के बाद शंकराचार्य सत्संग भवन पहुंचे, जहाँ उन्होंने धर्मसभा को संबोधित किया।

नंदी की माता गाय, इसलिए गाय धर्म की माता

शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद ने पांडवों द्वारा स्थापित पांडेश्वर नाथ मंदिर की महिमा बताते हुए कहा कि पांडव धर्म के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। उन्होंने कहा, भगवान भोलेनाथ नंदी की सवारी करते हैं और नंदी को गौ माता ने जन्म दिया है। इस नाते गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि साक्षात ‘धर्म की माता’ हैं और इस धर्मयुद्ध में भगवान शिव भी हमारे साथ हैं। उन्होंने किसी भी कीमत पर गोवंश के वध को रोकने का कड़ा आह्वान किया और गाय को महज ‘पशु’ कहे जाने पर घोर आपत्ति जताई।

योगी सरकार पर कटाक्ष, महाराष्ट्र सरकार की तारीफ

शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कटाक्ष किया कि सूबे में अभी तक गाय को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी मांग पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गाय को राज्य में राष्ट्रमाता का दर्जा दे दिया है, लेकिन उत्तर प्रदेश में अभी भी इस दिशा में कदम उठाया जाना बाकी है।

81 दिनों में 400 विधानसभाओं का सफर करेगी यात्रा

यात्रा की जिला संयोजक डॉ. निष्ठा दीक्षित ‘जगदंबा’ ने ‘गौ संरक्षण धर्मयुद्ध यात्रा’ की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि:

  1. यह यात्रा 31 मई से शुरू हुई है और 24 जुलाई को लखनऊ के कांशीराम उपवन में समाप्त होगी।
  2. 81 दिनों की इस निरंतर यात्रा के दौरान प्रदेश के 400 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण कर जन-जागरूकता फैलाई जाएगी।
  3. उन्होंने सभी सनातनियों से भारी संख्या में कांशीराम उपवन पहुंचने और गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने के इस अभियान में सहयोग देने की अपील की।

चौक बाजार में व्यापारियों ने किया भव्य स्वागत

पांडेश्वर नाथ मंदिर के बाद जगतगुरु शंकराचार्य का चौक बाजार में भी अभूतपूर्व स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम, जिला कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल और व्यापार मंडल के कर सलाहकार अधिवक्ता संजय रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस दौरान यात्रा के जिला संयोजक अंकित तिवारी, जिला सहसंयोजक डॉ. दीपक द्विवेदी एडवोकेट, भोजपुर विधानसभा संयोजक राजेश मिश्रा, शिवम गुप्ता, सनी गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता, दीपक राठौर और अंकुर गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में समर्थक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *