फर्रुखाबाद/
ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक पांचाल घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक करीब आठ हजार श्रद्धालु पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके थे।
पूर्णिमा स्नान को लेकर पांचाल घाट पर जिले के अलावा हरदोई, इटावा, एटा, मैनपुरी समेत आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जेठ दशहरा पर किसी कारणवश स्नान से वंचित रह गए श्रद्धालुओं ने भी रविवार को परिवार सहित गंगा तट पर पहुंचकर स्नान-दान किया।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मनोकामनाएं पूर्ण होने पर कई श्रद्धालुओं ने गंगा मैया को चुनरी, वस्त्र और सुहाग सामग्री अर्पित की। वहीं घाट पर मौजूद पुरोहितों द्वारा भगवान श्री सत्यनारायण स्वामी की कथा का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर दक्षिणा अर्पित की।
पूर्णिमा मेले में दिनभर रौनक बनी रही। बच्चों और परिवारों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। महिलाओं ने पूजा सामग्री, श्रृंगार प्रसाधन और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर जमकर खरीदारी की, जिससे मेले में खासा उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर चेतावनी स्वरूप संकेतक झंडियां लगाई गई थीं। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए निर्धारित सीमा से आगे बढ़कर स्नान करते नजर आए। हालांकि पूरे दिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए रहे, जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
