कायमगंज/फर्रुखाबाद/
क्षेत्र में रोडवेज बसों की बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। रविवार सुबह बीएड प्रवेश परीक्षा दिलाने जा रहे एक पूर्व प्रधान की रोडवेज बस की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम पैथान निवासी पूर्व प्रधान प्रभात कुमार शाक्य (50 वर्ष) अपनी 25 वर्षीय पुत्री निशा शाक्य को फर्रुखाबाद स्थित एनकेपी डिग्री कॉलेज में आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से लेकर जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर बिजली घर के निकट पहुंची, तभी सामने से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्री सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। 108 एम्बुलेंस से दोनों को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्रभात कुमार शाक्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल निशा की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे पत्नी प्रेमलता, दो पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बड़ी पुत्री रश्मि का विवाह हो चुका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर रोडवेज बसों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। कई बार शिकायतों के बावजूद बस चालकों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
