भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने कार को रौंदा, ANM छात्रा की मौत, दो गंभीर |

2 Min Read

फर्रुखाबाद/

इटावा-बरेली हाईवे पर शाम एक भीषण सड़क हादसे में ANM की छात्रा की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 24 वर्षीय संध्या को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका संध्या एटा जनपद के थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव गौ सेय्या की रहने वाली थीं। वह फर्रुखाबाद में अपने भाई-भाभी के साथ रहकर बघार स्थित मेडिकल कॉलेज से ANM का प्रशिक्षण ले रही थीं। बताया गया कि वह अपनी सहेली अंजू और एक शिक्षक के साथ वाटर पार्क घूमने गई थीं। शाम को लौटते समय मुरहास कन्हैया के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ लग गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि संध्या की शादी इसी वर्ष 11 फरवरी को हुई थी। शादी के महज तीन महीने बाद हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *