व्यापारियों ने भरी महिला आरक्षण की हुंकार, राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को सौंपी चिट्ठी |

2 Min Read

फर्रुखाबाद।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। व्यापारियों ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

संगठन के जिलाध्यक्ष सुबोध गुप्ता ‘मंसाराम’ के नेतृत्व में जिला व नगर इकाइयों के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान व्यापारियों ने महिला आरक्षण के समर्थन में नारेबाजी की और विरोध करने वाले दलों के खिलाफ नाराजगी भी जाहिर की। व्यापारियों ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से देश और समाज को नई दिशा मिलेगी।

जिलाध्यक्ष सुबोध गुप्ता ने कहा कि “सशक्त नारी ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत करना समय की जरूरत है।” उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं भी प्रशासन के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसके बावजूद कई सरकारी योजनाओं से उन्हें वंचित रखा जाता है। इस संबंध में भी उन्होंने उचित कार्रवाई की मांग की।

इस प्रदर्शन में संगठन के जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, जिला सह महामंत्री अनुराग कौशल, मीडिया प्रभारी हिमांशु शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, महेश वर्मा, अजय गुप्ता, फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष विपिन गुप्ता, फर्रुखाबाद नगर अध्यक्ष रचित अग्रवाल, शरद कुमार एडवोकेट, निशांत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए उनका समर्थन आगे भी जारी रहेगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *