फर्रुखाबाद/अमृतपुर
जनपद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव आसमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां मिड-डे मील के दौरान भूख लगने पर अतिरिक्त दो रोटी और एक चमचा दूध मांगने वाले कक्षा 3 के एक मासूम छात्र के साथ कथित मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी कृष्ण, जो कि बेहद गरीब परिवार से है और अनाथ बताया जा रहा है, प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 3 का छात्र है। आरोप है कि बुधवार को विद्यालय में मिड-डे मील के तहत बच्चों को भोजन वितरित किया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 70 बच्चों के लिए मात्र दो लीटर दूध तैयार कराया गया था, जिससे बच्चों को पर्याप्त मात्रा में दूध नहीं मिल सका।
इसी दौरान भूख लगने पर छात्र कृष्ण ने शिक्षकों से दो रोटी और एक चमचा दूध और देने की मांग कर दी। आरोप है कि इस बात से नाराज प्रधानाध्यापिका नीलम ने छात्र को डांटते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि पिटाई के बाद बच्चा घबराकर रोते हुए अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ विद्यालय पहुंच गई और हंगामा शुरू हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की जानकारी मिलने पर पहुंचे एआरपी मयंक दुबे ने पीड़ित बच्चे की दादी को ही फटकार लगा दी और विद्यालय का मामला दबाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय के गेट पर ताला लगाए रखने और बच्चों को बाहर न जाने देने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा और पौष्टिक भोजन देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। एक भूखे और बेसहारा बच्चे के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद अमानवीय है।
पीड़ित पक्ष ने मामले में थाना अमृतपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
