एआरटीओ की कार्रवाई से सात दिन में 32 चालान, एवं 14 स्कूली वाहन निरुद्ध

3 Min Read

एआरटीओ की कार्रवाई से सात दिन में 32 चालान, एवं 14 स्कूली वाहन निरुद्ध

*बिना परमिट एवं फिटनेस के संचालित वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, स्कूल प्रबंधन को चेतावनी*

एटा । जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन के निर्देशानुसार बिना फिटनेस, परमिट एवं सुरक्षा मानकों के संचालित स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार ने तड़के प्रवर्तन दल के साथ अलीगंज क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। कार्रवाई करते हुए बिना बिना परमिट एवं फिटनेस के संचालित पाए गए वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई। 01 से 07 मई के अंतर्गत अब तक 32 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, जबकि 14 वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया है। अधिकारियों के अनुसार ऐसे वाहन स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते थे।

विभाग द्वारा जनपद में लगातार विद्यालयों में जाकर स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा है। निरुद्ध वाहनों को संभागीय निरीक्षक (RI) द्वारा भौतिक निरीक्षण एवं मानकों की पुष्टि के उपरांत ही रिलीज किया जा रहा है।

एआरटीओ प्रवर्तन सत्येन्द्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में बीएसए एवं डीआईओएस को पत्र लिखकर निर्देशित करने का आग्रह किया है कि विद्यालयों में संचालित सभी वाहन तत्काल मानकों के अनुरूप कराए जाएँ तथा बिना प्रपत्र संचालित वाहनों को विद्यालयों से हटाया जाए।

उन्होंने बताया कि स्कूली वाहनों की सुरक्षा का मुद्दा जनपद में आयोजित होने वाली सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठकों में भी लगातार उठाया जाता रहा है, ताकि विद्यालय प्रबंधन नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कर सके।

प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान विद्यालय प्रशासन को संबंधित वाहनों के विरुद्ध पंजीयन निलंबन की कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संभागीय निरीक्षक, एटा को वाहनों का भौतिक निरीक्षण कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया गया था तथा वाहन स्वामियों एवं विद्यालय प्रबंधन को प्रपत्र पूर्ण कराने हेतु अतिरिक्त 15 से 20 दिनों का समय भी दिया गया। इसके बावजूद कई विद्यालयों द्वारा अभी तक आवश्यक प्रपत्र पूर्ण नहीं कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा भी नाराजगी व्यक्त की गई है। अतः विद्यालक संचालकों से पुनः अनुरोध है की वे शीघ्र ही अपने वाहनों के फिटनेस-परमिट बनवा लें, अब नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध सीधे निरुद्ध (सीज) करने की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *