पुलिस को बड़ी सफलता: 25 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार
एटा। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजा का रामपुर पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में वांछित चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के नेतृत्व में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना राजा का रामपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 61/24, धारा 420, 465, 467, 468, 506 भादवि से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रशान्त पुत्र सत्यपाल सिंह, निवासी कसेरू बक्सर, थाना गंगानगर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है, जो काफी समय से फरार चल रहा था और जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुखनन्दन सिंह, उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल तुषार और कांस्टेबल सुमित कुमार की टीम शामिल रही।
