लोहिया स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र पर डीएम का छापा: कुपोषित बच्चों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं।

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

फर्रुखाबाद,/

जिले में कुपोषण के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हलचल मचा दी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कुपोषित बच्चों के इलाज, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि बच्चों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने केंद्र में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए चिकित्सकों को निर्देश दिया कि सभी बच्चों को समय पर आयरन सिरप दिया जाए और नियमित रूप से हीमोग्लोबिन की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से निपटने में जरा सी भी ढिलाई पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर सकती है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्ड की व्यवस्थाओं पर भी पैनी नजर डाली। उन्होंने निर्देश दिए कि वार्ड का तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाए, ताकि बच्चों को अनुकूल वातावरण मिल सके। साथ ही बच्चों और उनकी माताओं को दिए जाने वाले पौष्टिक आहार का डाइट चार्ट वार्ड में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, जिससे परिजन भी जागरूक रह सकें।

डीएम ने केंद्र में भर्ती 13 बच्चों और उनकी माताओं से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और उनकी माताओं को फल, बिस्किट, जॉनसन बेबी किट और साड़ियां वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि एनआरसी केंद्र में स्वच्छता, पोषण और उपचार की सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं और नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि जिले से कुपोषण को जड़ से खत्म किया जा सके।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *