होमगार्ड भर्ती परीक्षा:- केन्द्रों का डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट |

2 Min Read

फर्रुखाबाद /

उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने खुद मैदान में उतरकर कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रखा बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा। यहां उपस्थिति भी जांची गई, जिसमें बालिका इंटर कॉलेज में 240 में से 175 और पॉलीटेक्निक में 240 में से 173 अभ्यर्थी मौजूद पाए गए।

डीएम और एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों और पुलिस बल को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा हर हाल में नकलविहीन, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराई जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी जरूरी इंतजामों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक संचालित हो रही है। हर पाली में 7104 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनके लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

सुरक्षा के लिहाज से हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति की गई है, जो लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कड़ी निगरानी और बेहतर प्रबंधन के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *