रिपोर्टर सुधीर सिंह |
शमसाबाद/फर्रुखाबाद |
फर्रुखाबाद भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने संगठन को और अधिक मजबूत और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह निर्णय लिया गया, जिसमें किसान आंदोलन को नई दिशा देने के लिए कई अहम नियुक्तियां की गईं।नई नियुक्तियों के तहत ठाकुर सुशील सिंह चौहान को प्रदेश अध्यक्ष (अवध, उत्तर प्रदेश) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि रोहित कुमार सिंह को प्रदेश सचिव (अवध) बनाया गया है। इसके साथ ही डॉ. विनय कुमार को जिला प्रभारी (चिकित्सा प्रकोष्ठ), फर्रुखाबाद नियुक्त किया गया है।संगठन का मानना है कि ये बदलाव ग्रामीण भारत की मूल समस्याओं—कृषि, स्वास्थ्य और विकास—के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस दौरान संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय महासचिव बंटी सिंह लोधी, राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश शुक्ला और प्रदेश प्रमुख महासचिव अवनीश सिंह तोमर प्रमुख रूप से शामिल रहे।नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर सुशील सिंह चौहान ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक सही तरीके से नहीं पहुंच रहा है और किसान व मजदूर भ्रष्टाचार के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे विभागों के खिलाफ संगठन सख्त कदम उठाएगा और हर स्तर पर किसानों के हक की लड़ाई लड़ी जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति अब पहले से अधिक मजबूत हो चुकी है और गांव-गांव तक संगठन को विस्तार दिया जाएगा।“किसान का सम्मान, देश का अभिमान” के संकल्प के साथ संगठन ने आगे बढ़ने का ऐलान किया है।
